सीएम योगी ने कहा- सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाने में सफल होंगे चौधरी भूपेंद्र सिंह

प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह के आगमन पर भाजपा कार्यालय में आयोजित स्वागत समारोह को सीएम ने किया संबोधित

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार और संगठन मिलकर एक बार फिर प्रदेश को भाजपामय बनाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटें जीतेंगे। इस दौरान उन्होंने नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह के संगठन और सरकार में किए गए कार्यों की सराहना की और आशा व्यक्त किया कि सरकार और संगठन के बीच में बेहतर समन्वय बनाने में सफल होंगे।

यह बातें उन्होंने भाजपा मुख्यालय पर नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के पहली बार लखनऊ आगमन पर आयोजित स्वागत समारोह में कहीं। उन्होंने चौधरी भूपेंद्र सिंह को बधाई देते हुए कहा कि बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठन की जिम्मेदारी को बखूबी निभाने की क्षमता और योग्यता रखने वाले चौधरी भूपेंद्र सिंह को प्रदेश का हर कार्यकर्ता जानता है। उनके संगठनात्मक क्षमता को ध्यान में रखकर ही पार्टी ने उन्हें दो बार पश्चिमी क्षेत्र का अध्यक्ष बनाकर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें दी थी।

सीएम योगी ने कहा कि पिछले पांच वर्ष छह माह में चौधरी भूपेंद्र सिंह ने सरकार में पहले स्वतंत्र प्रभार के राज्य मंत्री के रूप में और बाद में कैबिनेट मंत्री के तौर पर अपने दायित्व का बखूबी निर्वहन किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए लोक कल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया, जो अपने आप एक बड़ा उदाहरण है।

सीएम योगी ने प्रदेश में पिछले वर्ष संपन्न हुए पंचायत चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा राज्य है। हमारे पास 18 कमीश्नरी, 75 जनपद, 826 विकासखंड, तीन हजार से ज्यादा न्याय पंचायतें, 58 हजार से अधिक ग्राम पंचायतें और एक लाख 10 हजार से अधिक राजस्व गांव हैं। भूपेंद्र सिंह के पंचायती राज्य मंत्री के रहते हुए संपन्न हुए पंचायत चुनाव में प्रदेश के 67 जनपदों में जिला पंचायत अध्यक्ष, 650 विकास खंडों में ब्लॉक प्रमुख और अधिकांश ग्राम पंचायतों में पार्टी के कार्यकर्ता ही प्रधान के पद पर निर्वाचित हुए।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वच्छ भारत मिशन में उत्तर प्रदेश को ओडीएफ प्लस प्लस की भूमिका का निर्वहन चौधरी भूपेंद्र सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के अध्यक्ष के रूप में चौधरी भूपेंद्र सिंह अपनी संगठनात्मक क्षमता के बल पर कार्यकर्ताओं को साथ में लेकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाने में सरकार और संगठन के बीच में बेहतर समन्वय बनाने में सफल होंगे।

सीएम योगी ने भाजपा के नये प्रदेश संगठन महामंत्री धरम पाल सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश के अंदर सभी क्षेत्रों में इन्हें लंबे समय तक कार्य करने का अनुभव है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता के रूप में अलग-अलग क्षेत्रों और प्रांतों में कार्य किया है। साथ ही पार्टी के संगठन महामंत्री के रूप में झारखंड जैसे प्रदेश में भी धरमपाल सिंह के पास कार्य करने का एक लंबा अनुभव है। यही कारण है कि आज वह सभी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठनात्मक रूप से अपने मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों का पालन करता है।

सीएम योगी ने कहा कि हम अपने निवर्तमान अध्यक्ष को स्वतंत्र नहीं होने देंगे। तीन वर्ष तीन माह तक उन्होंने प्रदेश भाजपा का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र देव सिंह ने कहा था कि पार्टी का सिद्धांत है एक व्यक्ति, एक पद और इसी सिद्धांत का पालन करते हुए मैं अध्यक्ष पद से मुक्त होना चाहता हूं। स्वतंत्र देव सिंह ने प्रदेश सरकार में परिवहन मंत्री के रूप में भी मेरे साथ काम किया था और परिवहन मंत्री के रूप में उनके कार्य को मैंने देखा है कि मंत्री रहते वक्त वो नई-नई चीजों को ढूंढ़ कर लाते थे। देश के विभिन्न राज्यों के साथ एमओयू करने की बात हो या फिर प्रदेश की बसों की मदद से उत्तर प्रदेश का प्रचार प्रसार करने के साथ प्रदेश में कुंभ के दौरान 500 बसों को अपने बेड़े में शामिल करने का कार्य किया था।


यह भी पढ़ें



प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *